August 3, 2026

गुरुग्राम में मोनू मानेसर को इंस्टाग्राम कॉल पर जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

मोनू मानेसर को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले की जांच

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम के गोरक्षक मोनू मानेसर को इंस्टाग्राम ऑडियो कॉल के जरिए कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मानेसर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 1 अगस्त को यह कॉल मोनू मानेसर के भाई रोहित के इंस्टाग्राम अकाउंट पर आई। रोहित ही मोनू मानेसर का सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करते हैं। कॉल करने वाले ने खुद को सैफ अली खान बताते हुए दावा किया कि वह पाकिस्तान से संचालित शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा है।

मोनू मानेसर का आरोप है कि कॉल के दौरान आरोपी ने उन्हें 100 गोलियां मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि जब उनके भाई ने कॉल करने वाले से उसकी पहचान और पता पूछने की कोशिश की तो उसने बार-बार मोनू मानेसर और उनके सहयोगी पिंकी चौधरी को जान से मारने की धमकी दी।

मोनू मानेसर ने धमकी से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस अब रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि मोनू मानेसर हाल ही में राजस्थान की जेल से जमानत पर रिहा हुए हैं। उनके खिलाफ फरवरी 2023 में दर्ज जुनैद और नासिर हत्याकांड से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: धमकी देने वाले व्यक्ति के पाकिस्तानी गैंग से जुड़े होने का दावा शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।