August 3, 2026

CJP की 5 अगस्त से रणनीतिक बैठक, अभिजीत दीपके बोले- राजनीतिक दल नहीं बनाएंगे

अभिजीत दीपके रणनीतिक बैठक की जानकारी देते हुए

New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 5 और 6 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक करेगी। बैठक में संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके, प्रवक्ता और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी शामिल होंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वह किसी राजनीतिक दल का गठन नहीं करेगा।

CJP के अनुसार, बैठक के बाद देशभर में ‘लिसनिंग टूर’ शुरू किया जाएगा, जिसके जरिए युवाओं की समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस अभियान के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

हाल ही में उनकी फंडिंग और पारिवारिक संपत्ति को लेकर उठे सवालों पर अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप मिली थी और बाकी खर्च के लिए उन्होंने शिक्षा ऋण लिया था, जिसे वह अभी भी चुका रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पढ़ाई पूरी तरह वैध तरीके से हुई है।

गौरतलब है कि सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता ने दीपके के पिता की संपत्ति और उनकी पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किए गए धन की जांच की मांग की थी। इसके बाद यह मामला चर्चा में आया।

जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर दीपके ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन में बाहरी लोगों की घुसपैठ कराई गई थी, जिसके कारण 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हिंसा हुई। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन को बदनाम करने के लिए कुछ लोगों को जानबूझकर भेजा गया था।

दीपके ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी और हिंसा हुई तो इसकी जिम्मेदारी सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने दिल्ली पुलिस के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में अपराधियों की मौजूदगी की बात कही गई थी। उनके अनुसार, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।