August 3, 2026

चलती कार पर फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad police arrested accused in car firing case

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चलती कार पर फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एवीटीएस भूपानी टीम द्वारा की गई।

एनआईटी-5 निवासी हिमांशु डुडेजा ने 16 अप्रैल 2026 की देर रात पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने साथियों के साथ कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान दो बलेनो कार और एक स्कॉर्पियो ने उनका पीछा किया। डॉक्टर टुडे अस्पताल के पास सफेद रंग की बलेनो कार में सवार आरोपियों ने उनकी कार पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी।

मामले में थाना एनआईटी में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मुबीन निवासी गांव मुवाई और तुगलक निवासी सेक्टर-56, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मुख्य आरोपी पीयूष के साथी हैं और वारदात के समय उसके साथ मौजूद थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी पीयूष, आशीष सहित सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।