International/Alive News: इंडोनेशिया के मादुरा द्वीप के पास रविवार सुबह एक यात्री फेरी बोट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, फेरी में 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। दोपहर तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है।
यह फेरी ईस्ट जावा प्रांत के सुराबाया से साउथ सुलावेसी के मकासार जा रही थी। मादुरा द्वीप के पास पहुंचने पर अचानक उसमें आग लग गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री आग से बचने के लिए फेरी के अगले हिस्से की ओर भागते नजर आए। कई लोग घबराए हुए दिखाई दिए, जबकि बचाव दल ने तुरंत राहत अभियान शुरू कर दिया।
सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने कई बचाव नौकाएं और अन्य संसाधन मौके पर भेजे हैं। समुद्र में लापता लोगों की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मृतकों और लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है।

