Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 19.75 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक खाता ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कविराज पाटिल (24), निवासी रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास खाताधारक विकास के बैंक खाते का एक्सेस था। उसी ने ठगी से आई रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसमें बैंक खाते का एक्सेस मिला। पुलिस के अनुसार आरोपी 12वीं पास है और डिलीवरी बॉय का काम करता है। इस मामले में खाताधारक विकास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके खाते में ठगी के 9 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-39 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जनवरी 2026 में उसके व्हाट्सएप पर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 600 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा करने वाला संदेश आया। संदेश भेजने वालों ने खुद को 5paisa कंपनी से जुड़ा बताकर भरोसा जीत लिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां रोजाना शेयर मार्केट से जुड़ी सलाह और अधिक मुनाफे के दावे किए जाते थे। बाद में उसे एक लिंक भेजकर 5paisa नाम से एक एप डाउनलोड कराया गया। एप में निवेश और बढ़ते मुनाफे का फर्जी रिकॉर्ड दिखाया जाता रहा।
ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने बहाने बनाकर भुगतान टाल दिया और बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

