August 1, 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट: दो हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते फरीदाबाद पुलिस आयुक्त।

Faridabad/Alive News: कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान करीब दो हजार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। इनमें ट्रैफिक पुलिस, क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम, महिला पुलिस बल और स्थानीय थाना पुलिस शामिल रहेगी। यात्रा मार्गों पर विशेष गश्त और नाकाबंदी भी की जाएगी।

यात्रा की निगरानी के लिए डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं डीसीपी सेंट्रल, डीसीपी बल्लभगढ़ और डीसीपी एनआईटी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बैठक में कांवड़ यात्रा के तीन प्रमुख मार्गों की समीक्षा की गई। इनमें आगरा कैनाल मार्ग, बदरपुर बॉर्डर से बाईपास मार्ग और बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, नियमित गश्त और प्रभावी नाकाबंदी की व्यवस्था की जाएगी। आगरा कैनाल मार्ग पर श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और क्रेन हर समय उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने तथा तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के कांवड़ शिविर संचालकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। प्रत्येक शिविर में बेहतर गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिविर मुख्य सड़क से कम से कम 50 फीट की दूरी पर स्थापित करने के लिए कहा गया है।

यात्रा मार्ग पर सड़क मरम्मत, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षित मार्ग, जरूरत पड़ने पर डायवर्जन और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी और अपने वाहनों की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। डाक कांवड़, झांकियों और वाहनों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखें तथा फरीदाबाद पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान पहचान पत्र साथ रखने की भी अपील की।