Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा डीएलएफ ने गांव अनंगपुर में पेंटर की गला रेतकर हत्या करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बनाने और विवाद के चलते महिला ने वारदात को अंजाम दिया। अदालत ने आरोपिता को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 30 जुलाई को थाना सूरजकुंड पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव अनंगपुर के डोमका मोहल्ला स्थित एक मकान में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान सदाकत (36) निवासी रामपुर शाहपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। जांच में पता चला कि धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी।
मृतक के भाई नजाकत अली की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली और वर्तमान में गांव अनंगपुर में किराये पर रह रही महिला को 31 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक और महिला दोनों ओमेक्स सोसाइटी में काम करते थे। सदाकत पेंटिंग का काम करता था, जबकि महिला घरेलू काम करती थी। दोनों पहले से शादीशुदा थे। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था, जिसके बाद उसकी सदाकत से पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, महिला सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह इससे बच रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि 25 जुलाई को महिला ने सदाकत को अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई। देर रात जब वह नशे की हालत में सो गया, तब महिला ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे को बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस ने 1 अगस्त को आरोपिता को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार, अन्य साक्ष्य और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।

