July 31, 2026

गौतमबुद्ध नगर में सड़कों पर दौड़ रहे 12.88 लाख से अधिक वाहन

Noida/Alive News: गौतमबुद्ध नगर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। परिवहन विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब सड़कों पर चलने वाले वाहनों की कुल संख्या 12.88 लाख से ज्यादा हो गई है। सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन हैं, जबकि निजी कारों की संख्या भी चार लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। 

आंकड़ों के अनुसार जिले में 7,36,501 दोपहिया वाहन रेजिस्टर हैं। वहीं 4,05,307 निजी चारपहिया वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसके अलावा 3,290 व्यवसायिक दोपहिया वाहन, 21,248 टैक्सी, 31,817 ट्रांसपोर्ट वाहन, 18,343 ऑटो रिक्शा, 14,908 इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा और 28,023 ई-रिक्शा भी संचालित हो रहे हैं। साथ ही जिले में 4,571 बसें, 2,102 स्कूल बसें, 636 एम्बुलेंस, 11,537 कृषि ट्रैक्टर, 5,297 थ्री-व्हीलर गुड्स वाहन और 5,014 अन्य श्रेणी के वाहन भी रजिस्टर्ड हैं।

एआरटीओ अधिकारी नंदकुमार ने बताया कि जिले में कुल 12,88,594 ऑन-रोड वाहन हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौती भी बढ़ रही है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग नियमों का पालन कराने, प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और वाहन चालकों को फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र व अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर अपडेट रखने के लिए लगातार जागरूक कर रहा है।