Noida/Alive News: शहर में संचालित इलेक्ट्रिक बसों में रूट बताने के लिए लगाए गए एलईडी डिस्प्ले चालू न रखने वाले बस चालकों पर अब कार्रवाई होगी। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए इलेक्ट्रिक डिपो प्रशासन ने मामले पर संज्ञान लिया है।
नोएडा इलेक्ट्रिक डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि सभी इलेक्ट्रिक बसों में रूट प्रदर्शित करने के लिए एलईडी डिस्प्ले लगाए गए हैं, लेकिन हाल ही में जानकारी मिली है कि कुछ चालक इन्हें चालू नहीं करते। इसके कारण यात्रियों को दूर से बस का रूट पता नहीं चल पाता है।
उन्होंने कहा कि इस मामले की तुरंत जांच कराई जाएगी। जिन चालकों ने एलईडी डिस्प्ले चालू नहीं किए हैं, उनसे इसका कारण पूछा जाएगा। अगर कोई जवाब नहीं मिलता है तो चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी चालकों को निर्देश दिए जाएंगे कि बस चलाने के दौरान एलईडी डिस्प्ले अनिवार्य रूप से चालू रखें, ताकि यात्रियों को रूट संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके।

