July 30, 2026

हरियाणा में नकली दवाओं के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 16 गिरफ्तार; दिल्ली-यूपी तक फैला था नेटवर्क

हरियाणा में नकली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बरामद इंजेक्शन और दवाएं।

Panchkula/Alive News: हरियाणा में नकली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी सफलता हासिल की है। अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान करीब 70 लाख रुपये के नकली Mounjaro इंजेक्शन, 23 हजार नकली कैप्सूल और 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गई हैं। जांच में दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय नकली दवा नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

एफडीए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सबसे अधिक 12 गिरफ्तारियां गुरुग्राम की टीम ने की हैं। अभियान के तहत लगातार छापेमारी, सैंपलिंग और खुफिया निगरानी के जरिए कार्रवाई की जा रही है।

70 लाख के नकली Mounjaro इंजेक्शन बरामद

अप्रैल 2026 में गुरुग्राम के DLF फेज-4 और सेक्टर-69 में छापेमारी के दौरान करीब 70 लाख रुपये के नकली Mounjaro इंजेक्शन बरामद किए गए। इस मामले में अवि शर्मा और मुजम्मिल खान को गिरफ्तार किया गया, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। यह इंजेक्शन मधुमेह और वजन कम करने के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है।

दिल्ली और यूपी तक पहुंची जांच

जुलाई 2026 में FDA ने नकली Telma-AM दवा की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान दिल्ली के एक बिना लाइसेंस वाले थोक कारोबारी तक पहुंच बनाई गई। इस मामले में सुव्रत और बाद में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जुबेर को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान प्रसिद्ध फार्मा कंपनी की नकली Tofajak 5 mg दवा भी बरामद हुई।

323 तरह की दवाएं और नकली स्टेरॉयड जब्त

हरियाणा और दिल्ली FDA की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली के एक अवैध परिसर से 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं। इनमें बड़ी मात्रा में नकली एनाबॉलिक स्टेरॉयड भी शामिल हैं, जिन्हें जिम जाने वाले युवाओं को बेचे जाने की आशंका है।

23 हजार नकली कैप्सूल भी बरामद

FDA ने Rabeprazole Sodium (EC) और Domperidone (SR) के R Zara-DSR ब्रांड के करीब 23 हजार नकली कैप्सूल भी जब्त किए हैं। इनका उपयोग एसिडिटी और पेप्टिक अल्सर के इलाज में किया जाता है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

Head On इंजेक्शन मामले में जांच जारी

Head On (Somatropin) इंजेक्शन मामले में आरोपी हरिओम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, फरार आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत याचिका पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।