July 30, 2026

फरीदाबाद में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ, 40 हजार पौधे लगाने का अभियान शुरू

फरीदाबाद के 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में पौधारोपण करते केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर।

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र में गुरुवार को 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने पौधारोपण कर जिले में 40 हजार पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत की और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, जिला वन अधिकारी झलकार उइके सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और जल संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी बनाने की अपील की।

विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाना होगा। वहीं विधायक सतीश फागना ने कहा कि पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण भी प्रदान करते हैं।

वन विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत आईएमटी क्षेत्र में 20 हजार पौधे, सेक्टर-46 में 10 हजार पौधे और गुरुग्राम नहर के किनारे 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

वन महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 9 से 12 की क्विज प्रतियोगिता में वंशु प्रथम, लक्ष्य द्वितीय और इशिता हरसाना तृतीय रहीं। वहीं कक्षा 6 से 8 की पेंटिंग प्रतियोगिता में इशिका ने पहला, एंजेल ने दूसरा और अवनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।