September 26, 2026

जनसुनवाई शिविर में पहुंचीं 40 शिकायतें, मेयर ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

फरीदाबाद नगर निगम के जनसुनवाई शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनतीं मेयर प्रवीण बत्रा जोशी।

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर में शहर के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में करीब 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें पेयजल, सीवर, सफाई, प्रॉपर्टी टैक्स, सड़क मरम्मत और अवैध कब्जों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त निगम आयुक्त गौरव अंतिल भी मौजूद रहे।

जनसुनवाई के दौरान सैनिक कॉलोनी के जे और एफ ब्लॉक में पेयजल आपूर्ति की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा डिवीजन-1 में नाली में केमिकल छोड़े जाने की शिकायत, वार्ड-18 और सूर्या नगर में सीवर ओवरफ्लो, सेक्टर-8 मार्केट के पास बरसाती पानी के जलभराव और प्रॉपर्टी टैक्स में त्रुटियों से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई। अधिकारियों को सभी मामलों में जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त निगम आयुक्त गौरव अंतिल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में मिली शिकायतों का तय समय सीमा में निपटारा कर उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।

मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि जनसुनवाई शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

शिविर के दौरान कई शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, जनसंपर्क अधिकारी जोगेंद्र रावत, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद प्रतिनिधि करण सिंगला सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।