Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गांव खेड़ीकलां के सामुदायिक भवन में नशा मुक्ति और दहेज प्रथा उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में थाना बीपीटीपी और सामुदायिक पुलिसिंग सेल की संयुक्त पहल से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (सेंट्रल) राजीव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है, जबकि दहेज प्रथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों और सामाजिक असमानता को बढ़ावा देती है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशा और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर काम करने की अपील की।
सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने महिला सुरक्षा और दहेज निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता ही अपराधों और सामाजिक कुरीतियों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने लोगों से खुद जागरूक बनने और दूसरों को भी जागरूक करने का आग्रह किया।
वहीं थाना बीपीटीपी प्रभारी निरीक्षक प्रदीप ने कहा कि नशा युवाओं का भविष्य खराब कर रहा है और इसका असर पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने सभी से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और नशा मुक्ति व दहेज प्रथा से जुड़े सवाल पूछे। अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

