July 27, 2026

वाहन चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद

वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद चोरी की स्कूटी के साथ फरीदाबाद पुलिस।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद (22) और विशाल (21) निवासी मुजेसर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-22 निवासी उत्कर्ष ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि 21 अप्रैल 2026 को उसकी स्कूटी एनआईटी-1 स्थित दुकान के बाहर से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 26 जुलाई 2026 को आगरा कैनाल बीपीटीपी के पास से दोनों आरोपियों को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने स्कूटी चोरी की थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।