Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ₹3.22 लाख की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 26 जुलाई को पंजाब के गांव जमाराखिया में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरसेम (23) निवासी फिरोजपुर और राकेश (26) निवासी फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके टेलीग्राम पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। पहले उसे छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर भरोसा दिलाया गया और बाद में प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने के लिए कहा गया। झांसे में आकर पीड़ित ने 16 और 17 नवंबर 2025 को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 3,22,000 रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि तरसेम बैंक खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता राकेश को दिया था, जबकि राकेश ने यह खाता आगे साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध करा दिया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से सात हजार इसी बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि इस बैंक खाते से जुड़े फाजिल्का, फरीदाबाद और बेलगांव में कुल तीन साइबर शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तरसेम 12वीं पास है और अपने गांव में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) चलाता है, जबकि राकेश बी.एड. पास है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

