Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने APK फाइल भेजकर 84,300 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनेश, अल्लाबक्स और विजय निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 16/17 अगस्त को उसके मोबाइल फोन पर एक APK फाइल आई। जैसे ही उसने उस फाइल पर क्लिक किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और उसके बैंक खाते से 84,300 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अल्लाबक्स और विनेश LT Fabricates नाम की फर्म के संयुक्त खाताधारक हैं। इस फर्म का बैंक खाता विजय ने खुलवाया था। विजय और विनेश आपस में दोस्त हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि इस खाते में ठगी के 36 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी 10वीं पास हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

