July 27, 2026

फरीदाबाद पुलिस का वीकेंड अभियान: 3 दिन में 185 आरोपी गिरफ्तार, 23 किलो गांजा और 624 बोतल अवैध शराब बरामद

वीकेंड विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों और बरामद गांजा, अवैध शराब व अन्य सामान के साथ फरीदाबाद पुलिस।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने 24 से 26 जुलाई 2026 तक जिलेभर में विशेष वीकेंड अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान का उद्देश्य अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियार, अवैध शराब और जुए जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाना था।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिले की थाना और अपराध शाखा की टीमों ने 185 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 139 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इस दौरान 37 गुमशुदा लोगों को तलाशकर उनके परिजनों से मिलाया, जिससे कई परिवारों को राहत मिली।

अभियान के दौरान पुलिस ने 23 किलोग्राम से अधिक गांजा, 2 देसी कट्टे, 464 बोतल देशी शराब और 160 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹3,19,880 नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के 3 मामलों, अवैध हथियार के 2 मामलों, आबकारी अधिनियम के 20 मामलों और जुआ अधिनियम के 17 मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

फरीदाबाद पुलिस इससे पहले भी 10 से 12 जुलाई और 17 से 19 जुलाई 2026 के बीच दो विशेष वीकेंड अभियान चला चुकी है। तीनों अभियानों को मिलाकर अब तक 850 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन अभियानों में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ, अवैध हथियार और अवैध शराब बरामद कर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।