Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र में मंझावली पुल से यमुना नदी में गिरे युवक का शव घटना के तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। युवक पुल की बाउंड्री पर खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय टीटू उर्फ चिंटू, निवासी सिहावली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह 24 जुलाई की सुबह अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ मंझावली पुल पर दौड़ लगाने आया था। इसी दौरान दोस्त के कहने पर वह पुल की बाउंड्री पर चढ़कर यमुना नदी के साथ सेल्फी लेने लगा। तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया। टीम ने लगातार दो दिनों तक यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
रविवार को तीसरे दिन चांदपुर गांव के पास यमुना नदी किनारे झाड़ियों में एक शव फंसा हुआ मिला। एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान टीटू उर्फ चिंटू के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला दुर्घटनावश नदी में गिरने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

