Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-55 में रविवार को स्थानीय निवासियों ने गोकुलधाम सोसायटी के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि सोसायटी का अतिरिक्त बिजली, पानी और सीवर का भार सेक्टर-55 के मौजूदा संसाधनों पर नहीं डाला जाना चाहिए। उनका दावा है कि इससे भविष्य में क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शन के दौरान हरियाणा प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स महासंघ के प्रदेश महासचिव एवं FEEWA के कार्यवाहक जिला महासचिव सरदार गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि सेक्टर-55 के नागरिकों के हितों और सुविधाओं की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि गोकुलधाम सोसायटी का अतिरिक्त बिजली लोड सेक्टर-55 के मौजूदा फीडर पर डाला गया तो इसका असर हजारों निवासियों पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सेक्टर की बिजली, पानी, सीवर, सड़क और सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही दबाव में है। ऐसे में किसी नई सोसायटी को जोड़ने से पहले पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर-55 की 60 फुट रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और सेक्टर-25 से प्रतापगढ़ पुल तक गुड़गांव नहर के दोनों किनारों पर सड़क निर्माण की मांग भी की। उनका कहना है कि इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन बेहतर होगा।
प्रशासन के समझाने पर शांत हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन में करीब 50 से 60 स्थानीय निवासी शामिल हुए। मौके पर सेक्टर-55 चौकी पुलिस भी मौजूद रही। एएसआई मोहनलाल ने बताया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। पुलिस और प्रशासन ने लोगों को अपनी मांगें संबंधित अधिकारियों के सामने रखने की सलाह दी, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे भविष्य में भी ज्ञापन, बैठक, शांतिपूर्ण धरना और अन्य लोकतांत्रिक तरीकों से अपना विरोध जारी रखेंगे।

