July 22, 2026

मतदाता सत्यापन अभियान के केवल 2 दिन बाकी, 24 जुलाई तक जमा करें गणना प्रपत्र

फरीदाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान के तहत मतदाता सत्यापन और गणना प्रपत्र जमा करने की जानकारी देते जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा।

Faridabad/Alive News: जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को पूरा होने में अब केवल दो दिन शेष हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को निर्देश दिए हैं कि वे अंतिम दो दिनों में घर-घर जाकर अधिक से अधिक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) एकत्रित करें और उनका समय पर डिजिटाइजेशन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। इसलिए अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या अपने विवरण में संशोधन कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

आयुष सिन्हा ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान के बारे में जागरूक करें और भरे हुए गणना प्रपत्र समय पर जमा करवाएं। साथ ही सभी प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन और पोर्टल पर अपलोड भी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। अभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई है। इसलिए अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि उसका समय पर सत्यापन और पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कारण से बीएलओ अभी तक आपके घर नहीं पहुंचे हैं, तो आप स्वयं अपने संबंधित मतदान केंद्र या बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन बनाई जा सके।