Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये हड़पने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8,500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह मामला थाना सूरजकुंड क्षेत्र के दयालबाग रोड स्थित एक एटीएम का है। 18 जुलाई को एटीएम में ऐसी छेड़छाड़ की गई थी, जिससे ग्राहकों के खाते से पैसे तो कट जाते थे, लेकिन नकदी मशीन से बाहर नहीं निकलती थी। बाद में आरोपी मशीन में फंसी नकदी निकालकर फरार हो जाता था। इस मामले में थाना सूरजकुंड में केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर 21 जुलाई को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक विशेष काले रंग की प्लास्टिक की पट्टी बनाई थी। वह इस पट्टी को एटीएम के कैश डिस्पेंसर पर लगा देता था। इसके बाद जब कोई ग्राहक पैसे निकालने की कोशिश करता, तो उसके खाते से राशि कट जाती थी, लेकिन नकदी बाहर नहीं निकलती थी। ग्राहक के वहां से जाने के बाद आरोपी पट्टी हटाकर फंसे हुए पैसे निकाल लेता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8,500 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

