Faridabad/Alive News: कांवड़ यात्रा-2026 और शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर सोमवार को यातायात कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयबीर सिंह (IPS) ने की। इसमें एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी, यातायात निरीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, चालान कार्रवाई और कांवड़ यात्रा के दौरान किए जाने वाले यातायात प्रबंधों की समीक्षा की गई। डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
बैठक में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए, क्योंकि इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, फर्जी या गलत नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, गलत पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित व सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

