Faridabad/Alive News: कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस का विशेष वीकेंड अभियान लगातार जारी है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर 17 से 19 जुलाई तक जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान 255 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 140 उद्घोषित अपराधियों और बेल जंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 33 गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों, जुआ संचालकों और वाहन चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने एक किलोग्राम से अधिक गांजा और 600 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट्स बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं 4 देसी कट्टे भी बरामद किए गए।
शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 503 बोतल देसी शराब, 40 बोतल अंग्रेजी शराब और 24 बीयर की बोतलें बरामद की गईं। इस मामले में 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 47 हजार रुपये की नकदी जब्त की गई।
वाहन चोरी के मामलों में पुलिस ने एक चोरी की कार और चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। AVTS सिकरौना की टीम ने नंगला जमालगढ़ (पुन्हाना) निवासी इरफान को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में 25 से 30 चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदने की बात कबूल की।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, गुमशुदा लोगों की तलाश, नशा तस्करी पर रोक, अवैध हथियारों की बरामदगी और लंबित मामलों के निपटारे पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना फरीदाबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

