July 21, 2026

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 90 हजार की ठगी, जयपुर से खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा ऑनलाइन ट्रेडिंग साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी।

Faridabad/Alive News: ऑनलाइन ट्रेडिंग और घर बैठे कमाई का लालच देकर महिला से 90,430 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने जयपुर से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयपुर निवासी इंद्रमान सैनी (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 50,000 रुपये पहले एक अन्य खाताधारक के खाते में पहुंचे। इसके बाद 49,900 रुपये इंद्रमान सैनी के गोल्ड लोन खाते में ट्रांसफर किए गए, जहां से खाते को टॉप-अप कर रकम निकाल ली गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एमए तक पढ़ाई की है और जयपुर के एक निजी अस्पताल में सहायक के तौर पर काम करता है। उसकी मुलाकात पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी से हुई थी।

मामले की शिकायत 7 अप्रैल को इरोज अपार्टमेंट, फरीदाबाद निवासी महिला ने साइबर थाना एनआईटी में दी थी। महिला ने बताया था कि उसे घर बैठे पैसे कमाने का झांसा देकर टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया और ऑनलाइन टास्क के नाम पर उससे ₹90,430 की ठगी कर ली गई।

शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।