July 21, 2026

पराली प्रबंधन यंत्रों पर मिलेगा 50% तक अनुदान, किसान 3 अगस्त तक करें आवेदन

फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत कृषि यंत्रों का उपयोग करते किसान।

Faridabad/Alive News: फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा ने वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान योजना शुरू की है। इसके तहत किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने किसानों से अपील की है कि वे पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि पात्र किसानों का चयन 10 अगस्त को ऑनलाइन ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा। योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। पराली जलाने के मामलों में रेड एंट्री वाले किसान इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

कृषि विभाग के अनुसार योजना के तहत सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर, बेलर, स्ट्रॉ रीपर, जीरो टिल ड्रिल, क्रॉप रीपर सहित अन्य फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।