Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। RJSF (पायलट प्रोजेक्ट) के तहत पिछले 10 वर्षों में हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम जैसे मामलों में गिरफ्तार आरोपियों का सत्यापन और निगरानी की जा रही है।
पुलिस जांच के दौरान 628 आरोपी अपने दर्ज पते पर नहीं मिले या फरार पाए गए हैं। ऐसे आरोपियों को बेल जंपर घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उनकी जमानत लेने वाले जमानतदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि फरार आरोपियों की अदालत में पेशी सुनिश्चित हो सके।
पुलिस उपायुक्त अपराध राजेश कुमार मोहन ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के रिकॉर्ड का विश्लेषण कर 3,499 गंभीर अपराधियों की पहचान की गई। इनमें से 2,212 अपराधियों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि बाकी का सत्यापन जारी है।
सत्यापन के दौरान 1,368 आरोपी अपने पते पर मिले, 161 आरोपी विभिन्न जेलों में बंद मिले और 55 आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है।
अभियान के तहत 35 आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 13 गंभीर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जो अन्य मामलों में भी वांछित थे।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि अब तक 3 जमानतदारों के खिलाफ न्यायालय में कानूनी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है, जबकि 8 अन्य जमानतदारों के खिलाफ भी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे फरार आरोपी बेल जंपर घोषित होंगे, उनके जमानतदारों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखकर भविष्य में अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

