July 19, 2026

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 81 लाख की ठगी, दूसरी लेयर का खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 81 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरी लेयर के एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेंद्र, निवासी झुंझुनू (राजस्थान), के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि नरेंद्र ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी की रकम में से 79,180 रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी बीएससी का छात्र है।

जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम पहले दो बैंक खातों में भेजी गई थी, जिनमें 30 लाख रुपये और 51 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। नरेंद्र के खाते में 30 लाख रुपये वाले पहले बैंक खाते से 79,180 रुपये भेजे गए थे।

यह मामला 21 अक्टूबर 2025 का है। सेक्टर-7डी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 14 से 18 अक्टूबर 2025 के बीच कुछ लोगों ने खुद को डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन (DoT), बेंगलुरु पुलिस और सीबीआई मुंबई का अधिकारी बताकर वीडियो और ऑडियो कॉल की। आरोपियों ने उसे “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाया और मनी लॉन्ड्रिंग व ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर केस से नाम हटाने के बहाने 81 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में धोखाधड़ी और जबरन वसूली की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।