July 20, 2026

APK फ़ाइल भेजकर 1.29 लाख की साइबर ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने APK फ़ाइल भेजकर मोबाइल हैक करने और 1,29,800 रूपए की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वीरेंद्र बिश्नोई, निवासी जोधपुर (राजस्थान), के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 16 जुलाई को जोधपुर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस जांच में पता चला कि वीरेंद्र बिश्नोई ने अपने दोस्त वीरेंद्र सिंह झाला का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। वीरेंद्र बिश्नोई क्यूआर कोड लगाने का काम करता है और 12वीं पास है। जांच के दौरान सामने आया कि वीरेंद्र सिंह झाला के खाते में ठगी की रकम में से 50,000 रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 16 मार्च को उसके मोबाइल पर एक APK फ़ाइल भेजी गई। फ़ाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से तीन ट्रांजैक्शन में 50,000 रुपये, 50,000 रुपये और 29,800 रुपये, यानी कुल 1,29,800 रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।