Noida/Alive News: मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बावजूद गुरुवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहा। सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही। बीच-बीच में आसमान में बादल छाए, लेकिन बिना बरसे वापस चले गए। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सोमवार को गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट रहने की संभावना के साथ अधिकतम तापमान 36 तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं मंगलवार और बुधवार को भी अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

