Faridabad/Palwal/Alive News: पृथला से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल दरों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी का विरोध करते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है। उन्होंने कहा कि तीन महीने के भीतर दूसरी बार टोल शुल्क बढ़ाना महंगाई से परेशान लोगों के साथ अन्याय है और केंद्र सरकार को बढ़ी हुई दरें तुरंत वापस लेनी चाहिए।
रघुबीर तेवतिया ने कहा कि हरियाणा में पहले से ही कई टोल प्लाजा होने के कारण लोगों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में टोल वसूली अधिक होने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनका कहना था कि टोल बढ़ने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, निजी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों की लागत में और बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा में दो टोल प्लाजा के बीच की दूरी कई स्थानों पर निर्धारित मानकों से कम है और इस मुद्दे को पहले भी संसद में उठाया जा चुका है। विधायक ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जनहित में बढ़ी हुई टोल दरों को वापस लेने तथा टोल व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।

