Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के ‘स्वच्छता ही स्वागत’ अभियान के तहत वार्ड-44 में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लंबे समय से जमा कूड़े के ढेर को हटाकर क्षेत्र की व्यापक सफाई कराई गई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण किया गया और लोगों को हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण केवल जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, ‘स्वच्छता ही स्वागत’ कार्यक्रम की प्रदेश सह-संयोजक ममता चौहान, पार्षद प्रदीप टोंगर, पार्षद नॉमिनेट जसवंत सैनी, मंडल अध्यक्ष रिंकू सैनी, जिला संयोजक स्वराज भाटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अभियान में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

