Noida/Alive News: अधूरी चार्जिंग व्यवस्था के कारण लंबे समय तक सड़कों पर संचालन नहीं कर पाने वाली इलेक्ट्रिक बसों की समस्या अब जल्द दूर होगी। नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा एयरपोर्ट परिसर में दो चार्जिंग पॉइंट तैयार कर लिए हैं, जबकि कासना में सात नए चार्जिंग पॉइंट बनाए जा रहे हैं। इन सभी को जुलाई के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। इससे ई-बसों की चार्जिंग क्षमता बढ़ेगी और उनका संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा।
सेक्टर-90 स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक नोएडा से ग्रेटर नोएडा रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों को चार्जिंग के लिए सेक्टर-90 या मोरना डिपो तक लौटना पड़ता था। सीमित चार्जिंग पॉइंट होने के कारण दोनों डिपो पर बसों की लंबी कतार लग जाती थी और चालकों को चार्जिंग के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था। इससे बसों के संचालन पर भी असर पड़ता था।उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए नोएडा एयरपोर्ट परिसर में दो नए चार्जिंग पॉइंट तैयार किए गए हैं। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें इस सप्ताह के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।इसके अलावा ग्रेटर नोएडा स्थित
कासना इलेक्ट्रिक वर्कशॉप में सात नए चार्जिंग पॉइंट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन्हें 31 जुलाई तक तैयार कर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

