July 14, 2026

फरीदाबाद: घरों में चोरी के दो मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; सोने के आभूषण और नकदी बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा घरों में चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से बरामद सोने के आभूषण और नकदी।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहला मामला थाना पल्ला क्षेत्र के धीरज नगर का है, जहां 16 से 18 अप्रैल के बीच एक मकान से नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों में एक सोने का मांग टीका, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया।

दूसरा मामला थाना ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र का है, जहां एक घर से लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। इस मामले में अपराध शाखा ने एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी का सामान बेचने की बात स्वीकार की, जिसके बाद बिक्री से प्राप्त रकम में से 4 हजार रुपये बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में 9 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।