Noida/Alive News: चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) में आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर आ रही तकनीकी दिक्कतों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पोर्टल पर आवेदन नहीं हो पाने के कारण बड़ी संख्या में छात्र जानकारी और समाधान के लिए सेक्टर 39 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंच रहे हैं।
कॉलेज में पूछताछ के लिए पहुंची छात्रा अंकिता ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से सीसीएसयू के पोर्टल पर आवेदन करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन वेबसाइट सही तरीके से नहीं चल रही है। कई बार कोशिश करने के बाद भी आवेदन पूरा नहीं हो सका, इसलिए उन्हें कॉलेज आकर जानकारी लेनी पड़ी।
वहीं, कॉलेज पहुंचे कई अभिभावकों ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि अब काफी करीब है। ऐसे में यदि पोर्टल की समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो कई छात्र समय पर आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। इसे लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों और अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दे रहे अर्जित सिंह ने बताया कि अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र एक साथ पोर्टल पर आवेदन कर रहे हैं जिसके चलते वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कत आ रही हो सकती है। उन्होंने छात्रों को कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में इन दिनों बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक एडमिशन से संबंधित जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। वे एडमिशन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, विभिन्न कोर्स और मेरिट लिस्ट देखने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

