July 12, 2026

फरीदाबाद: पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर 1.25 लाख की साइबर ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार

पर्सनल लोन के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार दो आरोपी

Faridabad/Alive News: पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर 1,24,998 रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माधव (उम्र 20) और ध्रुव (उम्र 22) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, लकड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 13 जून 2026 को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंडिया फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए 8 प्रतिशत ब्याज पर पर्सनल लोन दिलाने का ऑफर दिया।

शिकायतकर्ता को पैसों की जरूरत होने के कारण उसने लोन के लिए सहमति दे दी। इसके बाद 15 जून को एक अन्य नंबर से व्हाट्सएप पर लोन स्वीकृति भेजा गया। बाद में फाइल चार्ज और सिक्योरिटी चार्ज के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1,24,998 रुपए ठगों के बैंक खाते में जमा करा लिए गए।

राशि जमा होने के बाद न तो शिकायतकर्ता को लोन मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में पता चला कि जिस व्हाट्सएप नंबर से शिकायतकर्ता को लोन स्वीकृति पत्र भेजा गया था, उस नंबर की सिम ध्रुव के नाम पर जारी थी। पूछताछ में सामने आया कि ध्रुव ने यह सिम अपने दोस्त माधव को दी थी और माधव ने उसे आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करा दिया।

पुलिस के अनुसार, ध्रुव 12वीं पास है और निजी नौकरी करता है, जबकि माधव 10वीं पास है और फिलहाल बेरोजगार है। मामले में साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।