Faridabad/Alive News: गौच्छी स्थित नाई की दुकान के बाहर दो भाइयों के साथ हुई मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुल उर्फ हन्नी निवासी गांव नंगला जोगियान, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शिकायतकर्ता सलमान के साथ कुछ समय पहले उसकी और उसके साथियों की कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 18 मई 2026 को गौच्छी स्थित नाई की दुकान के बाहर सलमान और उसके भाई इकबाल पर हमला कर मारपीट की थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ एक स्विफ्ट डिजायर कार में घटनास्थल पर पहुंचा था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी कार्तिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ये था मामला
गांव गौच्छी निवासी सलमान ने थाना मुजेसर में दर्ज शिकायत में बताया था कि 18 मई 2026 को वह अपने भाई इकबाल के साथ नाई की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली सफेद स्विफ्ट डिजायर कार और एक मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

