Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-30 स्थित पुलिस लाइन में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक संवाद गोष्ठी आयोजित की। इस कार्यक्रम में 20 से अधिक सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
गोष्ठी में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने, बदलते समय में पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शिता पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों को अनुभव आधारित मार्गदर्शन देने की भी बात कही।
बैठक में सोशल मीडिया की भूमिका पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति अभियान, यातायात जागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग जैसी सकारात्मक गतिविधियों की सही और तथ्यात्मक जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। साथ ही सोशल मीडिया पर पुलिस से जुड़ी भ्रामक जानकारी का समय पर तथ्यों के साथ जवाब देने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान पुलिस कर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए चिकित्सा सहायता, पेंशन, पुलिस कल्याण निधि, आर्थिक सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
फरीदाबाद पुलिस ने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्त अधिकारियों का अनुभव कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

