Faridabad/Alive News: पुलिस की अपराध शाखा सेंट्रल ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी की पहचान कशिश, निवासी बोर्ड कॉलोनी, नंदरामपुर बास, जिला रेवाड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त 2025 को उन्होंने अपनी स्कूटी सेक्टर-56 स्थित प्लॉट के बाहर खड़ी की थी, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने 9 जुलाई 2026 को फज्जूपुर चौक के पास से आरोपी को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने मामा के साथ मिलकर स्कूटी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी के मामा की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

