July 7, 2026

फरीदाबाद में बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, जलभराव वाले क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी

फरीदाबाद में बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियां।

Faridabad/Alive News: मानसून के दौरान संभावित जलभराव से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा के निर्देश पर नगर निगम, एफएमडीए, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण विभाग संयुक्त रूप से जल निकासी व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।

प्रशासन ने शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों, मुख्य सड़कों और अंडरपास पर हाई कैपेसिटी पंप, पंपिंग सेट और अन्य जरूरी संसाधन पहले से तैनात कर दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान तुरंत जल निकासी की जा सके।

उपायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में एचसीएस अधिकारियों के साथ इंजीनियरिंग टीमों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई है। सभी अधिकारी प्रतिदिन अपने क्षेत्र की स्थिति और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला प्रशासन को देंगे।

आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और कहीं भी जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की समस्या दिखने पर तुरंत संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को सूचना दें।