June 30, 2026

फरीदाबाद में 109 किलो गांजा नष्ट, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कार्रवाई

फरीदाबाद पुलिस द्वारा ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में गांजा नष्ट किया जाता हुआ

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 109.808 किलोग्राम गांजा को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई सोमवार को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।

यह गांजा विभिन्न थानों में दर्ज 87 मामलों से जब्त किया गया था, जिसे तिगांव रोड स्थित जसाना के गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में कानूनी प्रक्रिया के तहत आग के हवाले कर नष्ट किया गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया मादक पदार्थ वर्ष 2023 से 2026 के बीच दर्ज मामलों से संबंधित था। ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी में पुलिस आयुक्त को चेयरमैन, जबकि पुलिस उपायुक्त मुख्यालय और सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर करता है और अपराध की ओर धकेलता है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहना और समाज कल्याण में योगदान देना जरूरी है।

उन्होंने यह भी बताया कि फरीदाबाद पुलिस नशे के आदी लोगों के लिए काउंसलिंग और उपचार की व्यवस्था भी कर रही है। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में 300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दी जाए।

इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9050891508 और कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 जारी किए गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।