June 30, 2026

केतन अग्रवाल मर्डर केस: शादी के नाम पर लिए 1 करोड़ रुपये, प्रेमी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश!

केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी सिया गोयल और पुलिस जांच से जुड़ा सांकेतिक दृश्य

Pune/Alive News: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान कई नए और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से शादी की तैयारियों के नाम पर करीब 1 करोड़ रुपये लिए थे। आरोप है कि यह रकम उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी को उसके करियर और कारोबार में मदद के लिए दे दी। पुलिस इस पूरे मामले को सुनियोजित साजिश मानकर जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने हत्या के बाद अपनी शादी को लेकर भी पहले से योजना बना रखी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों ने तय किया था कि केतन की मौत के बाद वे करीब तीन साल तक शादी नहीं करेंगे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह योजना खुद को जांच और संदेह से बचाने के लिए बनाई गई थी।

मामले में एक अहम खुलासा कैब ड्राइवर वैभव जाधव ने भी किया है। उसने पुलिस को बताया कि बाली में होने वाले प्री-वेडिंग शूट के लिए मुंबई एयरपोर्ट जाते समय सिया का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह कैब में बैठने से मना कर रही थी, लेकिन उसके भाई ने उसे जबरन कार में बैठाया। बाद में सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट छिपा दिया, जिसके कारण बाली का दौरा रद्द हो गया।

पुलिस का कहना है कि केतन अग्रवाल की हत्या पहले से बनाई गई योजना के तहत की गई। जांच के अनुसार, लोहागढ़ किले पर सिया और चेतन ने एक गुप्त संकेत तय किया था। योजना के मुताबिक, सिया पानी पीने या जूते का फीता बांधने के बहाने नीचे बैठती, जो चेतन के लिए हमला करने का संकेत होता। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि धक्का देते समय सिया, केतन की पहुंच से दूर रहे और किसी भी खतरे से बच सके।

जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कार की बजाय स्कूटर से करीब 90 किलोमीटर का सफर तय कर लोहागढ़ किले तक पहुंचा था। पुलिस का मानना है कि ऐसा उसने किसी की नजर में आए बिना घटनास्थल तक पहुंचने के लिए किया।

कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब 34 मिनट पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच एक गुप्त फोन कॉल हुई थी। पुलिस इस कॉल को हत्या की साजिश का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है और इसके आधार पर आगे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हत्या की योजना मई के आखिर में ही तैयार कर ली गई थी। पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी सिया ने कथित तौर पर केतन को पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ियों को पकड़कर बच गया। इसके बाद सिया ने कथित रूप से यह कहानी बनाई कि सांप दिखाई देने के कारण गलती से धक्का लग गया था।

फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी की गहन जांच कर रही है। अब तक सामने आए कॉल रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। हालांकि, इन सभी आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में पेश किए जाने वाले सबूतों और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।