Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की डीलरशिप दिलाने के नाम पर 6.52 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक बंसल (24) और अमित कुमार (23) निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जीवन नगर-2, गौच्छी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने 5 जनवरी 2026 को गूगल पर Ather इलेक्ट्रिक स्कूटर की डीलरशिप संबंधी जानकारी खोजी। इस दौरान उसे एक वेबसाइट मिली, जहां उसने डीलरशिप के लिए आवेदन कर दिया।
इसके बाद 21 जनवरी को उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने गुरुग्राम में Ather की डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिया और ई-मेल के जरिए आवेदन फॉर्म भेजा।
ठगों ने प्रोसेस फीस, एनओसी और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किश्तों में पैसे जमा कराने को कहा। शिकायतकर्ता ने 28 जनवरी को ₹1.77 लाख प्रोसेस फीस के नाम पर और 30 जनवरी को 4.75 लाख रुपये एनओसी के नाम पर ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद आरोपियों ने लाइसेंस अप्रूवल के नाम पर 10.50 लाख रुपये और मांगे। इस पर शिकायतकर्ता को ठगी का शक हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक बंसल और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक ने तेजस का बैंक खाता प्रिंस से लेकर अमित को दिया था, जबकि अमित ने वही खाता टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक बी.ए. पास है और कैनोपी लगाकर सिम कार्ड बेचने का काम करता है, जबकि अमित बी.एससी. नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

