Faridabad/Alive News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फरीदाबाद जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा करने का कार्य तेज़ी से चल रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग पूरा हो चुका है। अब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्र एकत्र कर रहे हैं।
उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो। इसके लिए प्राप्त प्रपत्रों का सत्यापन कर मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए गणना प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे जल्द से जल्द उन्हें भरकर संबंधित बीएलओ को दें या निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से जमा करें।
आयुष सिन्हा ने जिले के नागरिकों से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर आएं तो वे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराकर पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

