Faridabad /Alive News : उप-मंडल रोजगार कार्यालय, बड़खल द्वारा उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में गांव पाली में आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में करीब 100 युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना एनएपीएस, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा राष्ट्रीय करियर सेवा एनसीएस पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा रोजगार संबंधी पंजीकरण भी कराया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गांव पाली के सरपंच रघुवीर, ब्लॉक समिति सदस्य राजवीर सिंह, मलखान सिंह, करण सिंह फौजी, खड़क सिंह तथा सोनी भगत सहित कई व्यक्ति उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने रोजगार विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के लिए लाभदायक बताया और डॉ. नेहा सिंह व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

