Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला थाना एनआईटी परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। सामुदायिक पुलिसिंग सेल और महिला थाना एनआईटी के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक महिलाओं, युवतियों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर लोगों को जागरूक करना था। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सतर्क रहने और इसकी सूचना प्रशासन को देने का आह्वान किया।
महिला थाना एनआईटी की थाना प्रभारी निरीक्षक माया ने साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र लेते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। उन्होंने नागरिकों से बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें नशे के दुष्परिणामों और इसके सामाजिक प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। फिल्म के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।

