June 21, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने एक सप्ताह में 21 साइबर अपराधी किये गिरफ्तार, 75 लाख से अधिक की रकम बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार साइबर अपराधी और बरामद की गई रकम। फोटो : AI

-13 से 19 जून के बीच 6 मामलों में कार्रवाई, लाखों रुपये पीड़ितों को वापस दिलाने की पहल
-278 शिकायतों का निस्तारण, करीब 5 लाख रुपये खातों में फ्रीज कराए गए

Faridabad/Alive News : पुलिस की साइबर थाना टीमों ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 13 जून से 19 जून 2026 के बीच विभिन्न साइबर ठगी मामलों में कार्रवाई करते हुए 75,07,078 की राशि बरामद की है।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर थाना एनआईटी, साइबर थाना सेंट्रल और साइबर थाना बल्लभगढ़ ने संयुक्त रूप से कई मामलों का सफल खुलासा किया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक सप्ताह के दौरान दर्ज 6 साइबर अपराध मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 21 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें साइबर थाना एनआईटी का एक मामला, साइबर थाना सेंट्रल के चार मामले और साइबर थाना बल्लभगढ़ का एक मामला शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, अमन गुप्ता, अभदेश सिंह, सचिन कुमार, वीरेंद्र सिंह, कमल भड़ाना, गुरविंदर सिंह, हेमंत मित्तल, रूपेश कुमार, अंकित, विवेक कुमार, आलोक रायजादा, बलराम राठौर, प्रशांत शर्मा, विक्रम सिंह, हर्ष जायसवाल, प्रदीप कुमार, राहुल कुमार और विरशांत समेत अन्य आरोपी शामिल हैं।

साइबर थाना टीमों ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 75,07,078 की राशि बरामद की। इसके अलावा आम नागरिकों से प्राप्त 278 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4,95,926 की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज भी करवाई, जिससे पीड़ितों के नुकसान को कम किया जा सके।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि “जागरूकता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।”