June 21, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 41.50 लाख की साइबर ठगी, मथुरा से दो आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट निवेश ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीष और रविंद्र।

Faridabad/Alive News : शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 41.50 लाख रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाताधारक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष (उम्र 32) और रविंद्र (उम्र 39) निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने एक टेलीग्राम चैनल ज्वॉइन किया था, जहां शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने के संदेश लगातार भेजे जाते थे।

ठगों ने पीड़ित को एक यूआरएल भेजकर ऑनलाइन निवेश खाता खुलवाया। नवंबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच शिकायतकर्ता ने विभिन्न किश्तों में कुल 41,50,597 निवेश कर दिए।

जब पीड़ित ने अपनी निवेशित राशि निकालने की कोशिश की तो उससे टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराने की मांग की गई। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मनीष संबंधित बैंक खाते का खाताधारक था। उसने अपना बैंक खाता रविंद्र को उपलब्ध कराया था। रविंद्र ने यह खाता आगे साइबर ठगों को सौंप दिया, जिसके जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किया गया। पुलिस के अनुसार मनीष बी.कॉम और रविंद्र बी.ए. पास हैं तथा दोनों निजी नौकरी करते हैं।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को 20 जून को मथुरा से गिरफ्तार किया। बाद में अदालत में पेश कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।