June 20, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 16.55 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी।

-टेलीग्राम ग्रुप के जरिए फंसाया, पैसे निकालने की कोशिश पर ग्रुप किया डिलीट
-साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई, अब तक 8 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News : शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 16.55 लाख की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित (उम्र 41) निवासी सकरडीहा, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) तथा अमन (उम्र 31) निवासी आदमपुर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-8 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 अप्रैल 2025 को उसे एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया, जहां शेयर ट्रेडिंग और निवेश संबंधी सलाह दी जाती थी।

कुछ दिनों तक ग्रुप की गतिविधियों को देखने के बाद शिकायतकर्ता ने निवेश करने का फैसला किया। आरोपियों ने उसका ट्रेडिंग खाता खुलवाया और निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग चरणों में कुल 16,55,000 निवेश कर दिए।

जब उसने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो टेलीग्राम ग्रुप अचानक डिलीट कर दिया गया और उससे संपर्क टूट गया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अमन के नाम “अमन इंटरप्राइजेज” फर्म का बैंक खाता था। अमन ने यह खाता आरोपी अमित को उपलब्ध कराया और अमित ने इसे आगे साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि फर्म के खाते में ठगी की रकम में से लगभग 7.5 लाख जमा हुए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमन 12वीं पास है और फूलों की रेहड़ी लगाने का काम करता है, जबकि अमित बी.ए. पास है और निजी नौकरी करता है। दोनों की भूमिका साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों की उपलब्धता सुनिश्चित करने से जुड़ी पाई गई है।

साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य बैंक खातों और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।