Faridabad/Alive News : ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण (उम्र 34) निवासी फतेहपुर बिल्लोच, फरीदाबाद और कलूआ (उम्र 25) निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी किए गए कॉपर और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्ता संजय निवासी सेक्टर-14 फरीदाबाद ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सागरपुर स्थित फैक्ट्री के बाहर एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। 24 फरवरी 2026 को अज्ञात चोर ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले घटनास्थल की रेकी की थी। मौके की पूरी जानकारी लेने के बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें से कॉपर निकाला और चोरी किए गए सामान को कार में रखकर फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य साथियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए कॉपर की बरामदगी, खरीददारों की पहचान और पूरे चोरी गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

