June 19, 2026

जनकल्याण शिविर में मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: एसडीएम

बल्लभगढ़ जनकल्याण शिविर में सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते नागरिक और मौजूद अधिकारी।

बल्लभगढ़ तहसील परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी

Faridabad/Alive News : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बल्लभगढ़ तहसील परिसर में गुरुवार को जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त Ayush Sinha के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता Mayank Bhardwaj ने की। शिविर का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, सेवाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर नागरिकों को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, बागवानी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई विभाग शामिल रहे।

एसडीएम मयंक भारद्वाज ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।

शिविर के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण और सरकारी अनुदान योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने पशुधन विकास और पशु स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिला सशक्तिकरण, पोषण और बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी साझा की, जबकि समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांगजन कल्याण और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में नागरिकों को अवगत कराया।

स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी, वहीं शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और अन्य विभागों ने स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक आगंतुक को सही और उपयोगी जानकारी उपलब्ध हो।